चित्तौड़गढ़। थाना सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए बड़ी कार्रवाई की। ब्रेजा कार में छिपाकर रखी 54 किलो 540 ग्राम अवैध कच्ची चांदी की सिल्ली (ईंटें) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशानुसार, जिले में सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के तहत, एएसपी मुख्यालय सरिता सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की गई। थानाधिकारी संजय शर्मा की टीम ने ब्रेजा कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाई गई 2.5 फीट लंबी और 1.5 फीट चौड़ी गुप्त स्कीम में चांदी की सिल्ली छिपाई गई थी।

अभियान में गिरफ्तार आरोपियों में बाबूलाल पुत्र लालाराम सिरवी, रतनलाल पुत्र भंवरलाल सिरवी और नवनाथ पुत्र हनुमंत पंवार शामिल हैं। पुलिस ने कार और चांदी जब्त कर मामला दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों से चांदी की खरीद-फरोख्त, परिवहन और संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
