नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह भादवा माता-सावन जवासा रोड के पास खेत में 25 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक फूल कुंवर पिता कालू सिंह राजपूत का शव सड़क किनारे स्थित प्रभु लाल माली के खेत में पड़ा मिला। खेत में काम कर रहे प्रभु लाल ने जैसे ही शव देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामे की कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और जांच पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक महिला का निवास फिलहाल चल्दू में था।
