चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थ तस्करी के मामले में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को डूंगला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डूंगला थाना पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2024 को डूंगला थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक ऑल्टो कार से 80 किलो से अधिक अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। मामले की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों को डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाला आरोपी भैरूलाल पुत्र घीसालाल कुमावत (22 वर्ष), निवासी नारायणी, थाना छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ घटना के बाद से फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में थानाधिकारी डूंगला शैतान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।