शहडोल। जिले का बुढार थाना एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला भाजपा नेता और जनपद पंचायत बुढार के उपाध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके साथ सहायक लेखाधिकारी देवेंद्र कुमार गौतम द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया और उन पर जानलेवा हमला भी किया गया। इस मामले की शिकायत लेकर जब वे बुढार थाने पहुंचे तो उनकी मुलाकात थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार से हुई।
आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उनके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें कथित रूप से झूठे मामले में फंसाने और राजनीतिक करियर खत्म करने की धमकी भी दी गई।
घटना से आहत जनपद उपाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक शहडोल को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक शहडोल को भी शिकायत भेजी है।
जनपद उपाध्यक्ष का कहना है कि यदि फरियाद लेकर आने वालों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाएगा, तो आम जनता को न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा।