चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीएसटी और भैंसरोडगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गईं। वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए भैंसरोडगढ़ थाना क्षेत्र के मंडेसरा तिराहे पर नाकाबंदी की जा रही थी। यह कार्रवाई एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन और वृताधिकारी शंकरलाल मीणा के सुपरविजन में की गई।

नाकाबंदी तोड़कर भागा वाहन, पीछा कर रोका-
नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगा दिया। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

तलाशी में मिला अवैध हथियार, तस्करी में उपयोग की आशंका-
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीटें खुली मिलीं, जिससे प्रथम दृष्टया वाहन के तस्करी में उपयोग होने की आशंका जताई जा रही है। तलाशी में एक अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा राजस्थान और गुजरात पासिंग की तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन सहित सभी सामग्री जब्त कर ली है। इस संबंध में थाना भैंसरोडगढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

कार्रवाई में शामिल टीम-
थानाधिकारी पोखरमल (पुलिस निरीक्षक), एएसआई कमलेश कुमार, कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह, बलबीर सिंह, डीएसटी के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, मनोज कुमार, प्रीतम, अमित, बलराम, शिशराम और अजय कार्रवाई में शामिल रहे।

पुलिस की अपील-
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
