नीमच। जावद कस्बे में विश्वासघात का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मुनीम ने 18 साल तक मालिक का भरोसा जीतने के बाद दुकान से धीरे-धीरे करीब 10 लाख रुपए के सोना-चांदी के जेवर और नकदी गायब कर दी। मामला तब सामने आया जब व्यापारी ने पुराने सीसीटीवी फुटेज और हिसाब-किताब की जांच की।
लक्ष्मीनाथ मार्ग स्थित एमएल ज्वैलर्स के संचालक राजेश सोनी ने बताया कि उनके यहां काम करने वाला पंकज कुमार, निवासी श्याम विहार कॉलोनी जावद, पिछले 18 साल से मुनीम था और दुकान का पूरा काम संभालता था। कुछ समय से स्टॉक और नकदी में कमी आने पर शक हुआ।
जांच के दौरान पुराने डीवीआर की रिकॉर्डिंग देखने पर आरोपी अकेले में जेवर और नकदी निकालते हुए दिखाई दिया। हिसाब मिलाने पर करीब 10 लाख रुपए की हेराफेरी सामने आई।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इसी दौरान अपनी खुद की ज्वेलरी दुकान भी खोल ली थी। पहले सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिश हुई, लेकिन पैसे वापस नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत की गई। जावद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 381 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई अर्पिता बोहरा कर रही हैं।