नीमच। पुलिस थाना नीमच केंट ने नाबालिक अपह्ता को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंपने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्यवाही पुलिस महानिदेशक, भोपाल, मध्यप्रदेश द्वारा चलाए जा रहे नाबालिक बालकों की दस्तयाबी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में और थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्यवाही संपन्न हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06.02.2026 को फरियादी अर्जुन पिता बनवारीलाल भील निवासी ग्वालटोली नीमच ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 5वीं में पढ़ती है, 02.02.2026 को शाम 07.00 बजे घर लौटते समय अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया। लड़की का विवरण इस प्रकार था- रंग सवाला, बदन दुबला-पतला, कद लगभग 4.5 फीट, पीला सलवार-सूट और दाहिने गाल पर तिल।

फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर थाना नीमच केंट पर अपराध क्रमांक 61/2026, धारा 137(2) बी.एन.एस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना से लेकर अपह्ता की बरामदगी तक लगातार जांच और प्रयास जारी रहे।

अपह्ता की बरामदगी-
दिनांक 17.03.2026 को तकनीकी और मुखबिरी प्रणाली के आधार पर नाबालिक को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। इसके बाद वैधानिक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपह्ता को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस की भूमिका-
इस सफलता में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक भगवत सिंह तंवर, प्र.आर. प्रदीप शिंदे (सायबर सेल) तथा थाना नीमच केंट टीम और सायबर सेल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
