नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक आरजे 09 एसएक्स 6100 भी जब्त की गई है।

अधिकारियों के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चिकारड़ा क्षेत्र से अफीम लेकर मारवाड़ में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना पर विशेष टीम गठित कर निंबाहेड़ा-मंगलवाड़ रोड, गांव नपावली के पास घेराबंदी की गई।

संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बैग से 3.300 किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। ब्यूरो अब तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश कर रहा है।
