धरियावद। शहर के कल्याणपुरा रोड पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सीधे एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन ने घर का लोहे का गेट तोड़ते हुए करीब 40 फीट अंदर तक घुसकर तीन खड़े वाहनों को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो लसाडिया रोड की ओर से आ रही थी। मोड़ पर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और रतनलाल जाट व रमेश जाट के कॉर्नर स्थित मकान से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि भारी लोहे का दरवाजा चकनाचूर हो गया और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के समय घर के अंदर परिवार के सदस्य मौजूद थे, जो चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए। बोलेरो घर के चौक तक पहुंच गई, जहां खड़े तीन आइसक्रीम टेम्पो उसकी चपेट में आ गए, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने चालक सहित चार लोगों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।