नीमच। समीपवर्ती राजस्थान राज्य के केसुंदा स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में घट स्थापना के साथ चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो गया। नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम माता रानी की विशेष आरती एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।
नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या दर्शन के लिए पहुंच रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और भव्य लाइट डेकोरेशन से सजाया गया है, जिससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
मंदिर के पंडित प्रदीप नागदा एवं पंडित मुकेश नागदा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान विशेष अनुष्ठान, आरती एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु माता रानी से सुख-समृद्धि एवं कष्टों से मुक्ति की कामना कर रहे हैं।
मंदिर से जुड़ी प्रतिमा शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की मान्यता है कि माता विंध्यवासिनी की कृपा से कई लोगों के कष्ट दूर हुए हैं तथा संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आने वाली महिलाओं की गोद भरने की भी मान्यता यहां प्रचलित है। नवरात्रि पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।