गरोठ। बोलिया नगर में हिन्दू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर ढोल-डीजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए। बालिकाएं भगवा वस्त्र धारण कर आकर्षण का केंद्र बनीं।
शोभायात्रा दोपहर 2 बजे शिवालय धर्मशाला से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा, सुभाषचंद्र बोस चौराहा, कंकाली माता गेट, बस स्टैंड, सब्जी मंडी और छत्री चौक होते हुए निकली। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में भवानीमंडी के प्रसिद्ध वाल्मीकि अखाड़े द्वारा शौर्य प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। नगरवासियों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा के स्वागत की विशेष तैयारियां की थीं।
हिन्दू नववर्ष के अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा।