चित्तौड़गढ़। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर हिंदू नववर्ष स्वागत आयोजन समिति द्वारा शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गुरुवार को प्रातः शहर के प्रमुख चौराहों पर मातृशक्ति द्वारा मंगल तिलक कर नीम, मिश्री व काली मिर्च का प्रसाद वितरित करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।
मीडिया प्रभारी संजय खाबिया एवं अभिषेक मूंदड़ा ने बताया कि सायंकाल मुख्य समारोह के रूप में इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा स्टेडियम से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी पुलिया, अप्सरा चौराहा होते हुए सुभाष चौक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के महापुरुषों की झांकियां, उज्जैन महाकाल की सजीव झांकी तथा विभिन्न विद्यालयों, धार्मिक मंडलों और प्रभात फेरियों की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान मातृशक्ति व बालिकाओं द्वारा हैरतअंगेज अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। बालिकाओं ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई सहित वीरांगनाओं की वेशभूषा में शौर्य प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
शोभायात्रा सुभाष चौक पहुंचने पर भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर हेमंत जैन, दिनेशचंद्र भट्ट, अनिरुद्ध सिंह भाटी, लक्ष्मीनारायण वेद सहित अनेक गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।