चित्तौड़गढ़। शहर में गुरुवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी। दोनों घटनाएं कुछ ही मिनट के अंतराल में हुईं। एक मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जबकि दूसरी महिला डर के कारण बिना शिकायत किए घर लौट गई।
पहली घटना-
अशोक अग्रवाल की पत्नी शोभा अग्रवाल गुरुवार सुबह गणगौर पूजन के लिए गांधीनगर स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन जा रही थीं। उनके साथ प्रतिभा अग्रवाल स्कूटी पर थीं। पुरुषार्थी चौराहा और आयकर विभाग के बीच बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और शोभा अग्रवाल के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। छीनी गई चेन का वजन करीब पौने तोले के आसपास बताया गया है। इस मामले में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दूसरी घटना-
पहली घटना के कुछ देर बाद हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास एक अन्य महिला को बदमाशों ने निशाना बनाया। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले चेन छीनने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर वह गिर पड़ी, जिसके बाद एक बदमाश बाइक से उतरकर जबरन चेन तोड़कर फरार हो गया। घबराई महिला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
पुलिस को दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका है। कोतवाली थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। लगातार हुई वारदातों के बाद शहर में महिलाओं में डर का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।