मंदसौर। शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीती रात बीपीएल चौराहा स्थित बीकानेर स्वीट्स के पास, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सामने खड़ी एंबुलेंस के कांच अज्ञात बदमाशों ने तोड़ दिए।

घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई। सूचना मिलते ही रेड क्रॉस सोसाइटी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शहर थाना पुलिस को तुरंत सूचित किया।

पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व कंट्रोल रूम के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
