मंदसौर। बाईपास स्थित एमआईटी कॉलेज के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना में घायल युवक प्रदीप पुत्र कन्हैयालाल नकुम 22 वर्ष निवासी साबखेड़ा और पंकज पुत्र राधेश्याम गेहलोत 25 वर्ष निवासी प्रतापगढ़ दोनों प्रतापगढ़ में शादी समारोह में शामिल होकर साबखेड़ा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बाईपास के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद बेहोश हुए दोनों युवक-
टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिससे दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्रदीप के सिर, मुंह, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, सिर में 5 टांके लगाए गए। जबकि पंकज के सिर, कमर और पैरों में चोटें आई हैं।

परिजनों को सूचना, कार चालक फरार-
घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि कार चालक अभी तक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल दोनों घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
