नीमच। शहर में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मनाए जा रहे चेट्रीचंड्र महोत्सव में आज शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पूज्य सिंधी पंचायत नीमच के तत्वावधान में चेट्रीचंड्र उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव के तहत आज सुबह भगवान श्री झूलेलाल की ऐतिहासिक विशाल शोभायात्रा पूरे लाव-लश्कर, भक्ति और उल्लास के साथ नगर भ्रमण पर निकली।आज के मुख्य आयोजन की शुरुआत प्रातः भगवान श्री झूलेलाल के अभिषेक से हुई। महोत्सव का सबसे प्रमुख आकर्षण का केंद्र श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होने वाली भव्य शोभायात्रा रही।इस विशाल शोभायात्रा में वरुण अवतार भगवान श्री झूलेलाल आकर्षक सजी-धजी डोली में विराजित होकर भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देने नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा में आकर्षक श्रृंगार, मनमोहक झांकियां, ढोल-नगाड़े, डीजे, पुष्पवर्षा, इत्रवर्षा और जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
शोभायात्रा में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।शोभायात्रा श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर सिंधी कॉलोनी, शहीद हेमू कालाणी चौराहा, महेश सर्कल, कमल चौक, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा, जैन भवन और नूतन स्कूल होते हुए पुनः भाग्येश्वर महादेव आश्रम मंदिर तक पहुंचकर समाप्त होगी। दोपहर बाद महोत्सव के शेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री भोग साहब,लंगर प्रसादी, ठंडाई प्रसादी वितरण,तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह होंगे। चेट्रीचंड्र पर्व के उपलक्ष्य में आज 20 मार्च को सिंधी समाज के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।