चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत जिला स्पेशल टीम और निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने मोटरसाइकिल में बनाए गए गुप्त टैंक का खुलासा करते हुए 9 किलो 864 ग्राम अवैध अफीम जब्त की और मध्यप्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया। अंतरराज्यीय तस्करी कनेक्शन की आशंका जताते हुए पुलिस की सतर्कता से बड़ी तस्करी नाकाम हुई।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आईजीपी रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। तस्करों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी है।

इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में निम्बाहेड़ा कोतवाली इंचार्ज कन्हैयालाल उनि के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम और कोतवाली निम्बाहेड़ा के पुलिसकर्मी विजयसिंह, जगदीश, सुभाष, विजय कुमार, गोविंद सिह ने जलिया चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की।

संदिग्ध गतिविधियों के कारण नीमच की तरफ से आई होंडा यूनिकोन मोटरसाइकिल को रोका गया। गहन जांच के दौरान मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी के नीचे बनाए गए गुप्त टैंक में 6 पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में 9 किलो 864 ग्राम अवैध अफीम छुपाई गई थी।

अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले आरोपी रितुराज सिह राठौड़ (27 वर्ष), पुत्र टीकम सिह, निवासी पिपल्यारावजी, थाना मनासा, जिला नीमच, मध्यप्रदेश, हाल राजपुत कॉलोनी, टेम्पू स्टैंड, एफ-149 भीलवाड़ा, थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस मामले में तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पूछताछ में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
