नीमच। वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित रियल एस्टेट गाइडलाइन में 30 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव को लेकर नीमच रियल एस्टेट ब्रोकर्स ग्रुप ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ब्रोकर्स ग्रुप ने गाइडलाइन वृद्धि को कम करने और दावे-आपत्ति प्रस्तुत करने की समय सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ब्रोकर्स ग्रुप के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों और प्रॉपर्टी बाजार में चल रही मंदी को देखते हुए 30 प्रतिशत की वृद्धि पूरी तरह अव्यावहारिक है। पिछले 3-4 वर्षों से जमीन-जायदाद के कारोबार में लगातार गिरावट का माहौल है। ऐसे में गाइडलाइन में भारी वृद्धि से आम जनता और मध्यम वर्ग पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ेगा और लोगों का मकान बनाने का सपना और दूर हो जाएगा।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि जिले की 1110 लोकेशन में गाइडलाइन बढ़ाई गई है, जिसमें नीमच शहर की 329 लोकेशन शामिल हैं। कई स्थानों पर वास्तविक बाजार मूल्य और गाइडलाइन में भारी अंतर है, वहीं मेन रोड और अंदरूनी क्षेत्रों के मूल्य में भी पर्याप्त अंतर नहीं रखा गया है, जिससे असमानता की स्थिति बन रही है।
ब्रोकर्स ग्रुप ने मांग की है कि गाइडलाइन में वृद्धि अधिकतम 5 से 10 प्रतिशत तक ही की जाए और दावे-आपत्ति की समय सीमा बढ़ाई जाए, ताकि आमजन और संबंधित पक्षकार उचित दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्ति प्रस्तुत कर सकें।
ब्रोकर्स ग्रुप ने प्रशासन से यह भी कहा कि गाइडलाइन तय करने से पहले जमीनी सर्वेक्षण, वास्तविक बाजार मूल्य और इस व्यवसाय से जुड़े लोगों के सुझाव लिए जाएं, ताकि गाइडलाइन वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप तय हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अत्यधिक वृद्धि से पंजीयन कार्य प्रभावित होगा और राजस्व पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।