शाजापुर। शनिवार को कसेरा बाजार में नवनियुक्त शहर काजी के सम्मान समारोह के दौरान समाज के एक गुट ने विरोध जताया। नारेबाजी और मुर्दाबाद के नारों से कुछ देर तनाव की स्थिति बनी। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला ने पुलिस बल के साथ भीड़ को हटाया और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की। समाज के वरिष्ठ लोगों ने समझाइश देकर माहौल शांत कराया। विरोध नवनियुक्त शहर काजी रहमतुल्लाह के सम्मान में हुआ। शहर काजी मोहसिन उल्ला ने ईदगाह पर नमाज़ के बाद उन्हें उत्तराधिकारी घोषित किया था। गुट का विरोध एक विवाह समारोह से जुड़ा है, जहाँ रहमतुल्लाह ने डीजे बजाने के विरोध में निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया था। इसी को लेकर समाज के हिस्से ने नाराजगी जाहिर की।