चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात भदेसर थाना क्षेत्र में हुई।
भदेसर थाने के एएसआई सुनील महाजन ने बताया कि मृतक की पहचान राटियाखेड़ी, कपासन निवासी 42 वर्षीय मोहनलाल पुत्र माधवलाल जाट के रूप में हुई है। वह पंचदेवला स्थित एक होटल में काम करता था और छुट्टी लेकर घर लौटते समय सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सिर के बल सड़क पर गिर गया और गंभीर घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन लोगों ने बाइक का नंबर नोट कर लिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।