नीमच। शहर में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। तबीयत बिगड़ने पर युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हुडको कॉलोनी निवासी नरेश पिता अशोक कुमार चेतनानी शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे घर से खाना खाने के बाद निकला था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे परिजनों को सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। बताया जा रहा है कि नरेश टीचर कॉलोनी स्थित अपने मित्र सुनील चौहान के कमरे पर था, जहां उस समय सुनील मौजूद नहीं था।

नरेश की तबीयत बिगड़ने पर उसके परिचित बादल को फोन कर बुलाया गया। बादल मौके पर पहुंचा और उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और समाजजन बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
