रामपुरा। नगर के नानी चोटी स्थित हज़रत शहंशाह हसनशाह वली सरकार का उर्स मुबारक आज श्रद्धा और शान-ओ-शौकत के साथ मनाया जाएगा। उर्स के अवसर पर अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में जायरीन के शामिल होने की परंपरा रही है।
दरगाह कमेटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उर्स की चादर मदारबाग मदरसा वली की दरगाह से दोपहर 2 बजे रवाना होगी, जो छोटा बाजार, लालबाग और बड़ा बाजार होते हुए मुख्य दरगाह शरीफ पहुंचेगी। चादर जुलूस को डीजे, ढोल और घोड़ों के साथ धूमधाम से निकाला जाएगा।
दरगाह पर सभी समाज के श्रद्धालु अकीदत के साथ हाजिरी लगाते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं। शाम को मगरिब और ईशा की नमाज के बीच दरगाह पर चादर पेश की जाएगी, जिसके बाद लंगर का आयोजन होगा।
दरगाह कमेटी ने सभी जायरीन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उर्स मुबारक में शरीक होने की अपील की है।