नीमच। नारकोटिक्स विंग की एक कार्रवाई को लेकर विश्वकर्मा जांगिड़ (सुथार) समाज ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक नीमच तथा महानिदेशक पुलिस मध्यप्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
समाजजनों का आरोप है कि निरंजन पिता राजमल सुथार निवासी नीमच सिटी को सुनियोजित तरीके से झूठे प्रकरण में फंसाया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि प्रारंभिक जानकारी में जिन आरोपियों के नाम सामने आए थे, बाद में उन्हें प्रकरण से अलग कर दिया गया और निरंजन सुथार को आरोपी बना दिया गया, जिससे पूरी कार्रवाई संदिग्ध प्रतीत होती है।
समाज का कहना है कि निरंजन सुथार निर्दाेष है और मुख्य आरोपियों द्वारा अपने बचाव के लिए उसे मामले में शामिल किया गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति को उसकी दुकान से बुलाकर अपने साथ ले जाया गया था, जिसके वीडियो फुटेज भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
समाजजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और निर्दाेष को न्याय मिल सके। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है।