मंदसौर। जिले के बाजखेड़ी फंटे पर शनिवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा रेफर किया गया है। नई आबादी थाना पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशुतोष चौहान पिता प्रकाश चौहान अपने साथी हिमांशु गुर्जर के साथ जन्मदिन समारोह से लौटकर सीतामऊ की ओर से मंदसौर आ रहे थे। इसी दौरान बाजखेड़ी फंटे के पास डंपर क्रमांक एमएच 04 सीएम 1711 ने उनकी बाइक क्रमांक एमपी 14 एमवी 7031 को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि आशुतोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर भीलवाड़ा रेफर किया गया।

हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
