मुरैना। जिले में अवैध रेत कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस पर ही हमला करने से नहीं चूक रहे। दिमनी थाना क्षेत्र में सुबह गश्त के दौरान पुलिस टीम पर रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, बरेथा-चक्रपान का पुरा रोड से आ रहे अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोकने के लिए बोलेरो वाहन को सड़क पर आड़ा खड़ा कर रास्ता बंद किया, लेकिन आरोपी चालक ने पकड़ से बचने के लिए सीधे पुलिस वाहन को ही टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन आरक्षक सुदामा रजक ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए।
घायल आरक्षक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।