छतरपुर। मथुरा में फरसा वाले बाबा उर्फ साधु चंद्रशेखर सिंह (45) की मौत पर बागेश्वर महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने फरसा वाले बाबा की हत्या में शामिल दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
बागेश्वर महाराज इन दिनों माता रानी की साधना में लीन हैं। शनिवार शाम भक्तों को दर्शन देते समय उन्होंने इस घटना का जिक्र किया। कहा- मुझे फरसा बाबा की हत्या की सूचना मिली थी।
पंडित शास्त्री ने फरसा बाबा को गोरक्षक बताया
महाराज ने फरसा बाबा को एक समर्पित गोरक्षक बताया। उन्होंने कहा कि फरसा बाबा गो तस्करी रोकने के लिए सीधे तौर पर लड़ते थे। उन्होंने सरकार से इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को फांसी की सजा देने की अपील की।
बागेश्वर महाराज ने कहा- बहुत बुरा किया है और इस प्रकार से यदि सनातनियों पर उंगलियां उठेंगी तो कोई हिंदुत्व के लिए लड़ने के लिए आगे नहीं आएगा। इस देश में सबसे बड़ा अपराध होने लगा है कि यदि आप हिंदू के लिए, हिंदुत्व के लिए, सनातन के लिए बोलोगे तो मारे जाओगे।
बागेश्वर महाराज ने कहा- हम भी लगातार उस समस्या से जूझ रहे हैं। हमें और हमारे परिवार को लगातार मारने की धमकियां दी जाती हैं। षड्यंत्र किए जाते हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि जो लोग हिंदुत्व और सनातन के लिए जी रहे हैं, उनका समर्थन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वयं हिंदुत्व के लिए लड़ नहीं सकते तो कम से कम खड़े होकर उनका साथ दें।