मंदसौर। जिले के सुवासरा क्षेत्र के धलपट गांव में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय नागेश्वर सुनार्थी ने चूहा मार दवा खा ली, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सुवासरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल मंदसौर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

परिजनों ने बताया कि नागेश्वर को शराब पीने की आदत थी, जिस कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा, जिस पर पिता ने उसे डांट दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।
