नीमच। पुलिस थाना नीमच केंट ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए थाना नीमच केंट पुलिस ने अपराध क्रमांक 131/2026 में आरोपी को गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी मोहम्मद रफीक निवासी राजीव नगर नीमच ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी आर.के. ट्रेडर्स नाम से एल्युमिनियम सेक्शन की दुकान महाराणा बंगला स्थित जारोली कॉम्प्लेक्स में है। 9 मार्च की शाम दुकान बंद कर घर जाने के बाद 10 मार्च को सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान से करीब 750 किलो एल्युमिनियम सेक्शन, एक हैंड कटर तथा सीसीटीवी डीवीआर चोरी हो गए थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर 18 मार्च को आरोपी साहिल पिता शहजाद पठान (21) निवासी भगवानपुरा चौराहा, नीमच सिटी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नासिर उर्फ शाहरूख निवासी स्कीम नंबर 9 नीमच के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 750 किलो एल्युमिनियम सेक्शन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) तथा एक टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक शिवलाल कलमी एवं थाना नीमच केंट टीम का विशेष योगदान रहा।
