चित्तौड़गढ़। शहर में तीन दिन पूर्व गणगौर पूजन के लिए जाते समय महिला से हुई चैन स्नेचिंग की वारदात का कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को नामजद कर उनकी तलाश की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 19 मार्च को प्रार्थिया महिला ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी देवरानी के साथ गणगौर पूजन के लिए स्कूटी से अग्रसेन मांगलिक भवन, गांधीनगर जा रही थी। इसी दौरान आयकर विभाग कार्यालय के सामने मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चौन छीन ली और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध 30 वर्षीय शाहरूख उर्फ दाढ़ी पुत्र हबीब खान पठान निवासी उनियारा जिला टोंक, हाल निवासी तेजाजी के चबूतरे के पास, जैन साहब का मोहल्ला (फूटा तालाब), अनंतपुरा थाना अनंतपुरा, जिला कोटा को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
गहन पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसी दिन हजारेश्वर महादेव मंदिर के पास एक अन्य महिला से भी सोने की चौन छीनी गई थी। इस दूसरी घटना की अभी तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है, जिसकी पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रकरण में आरोपी के दो अन्य साथी इम्तियाज पुत्र सलीम पठान निवासी अनंतपुरा, कोटा तथा सलमान पुत्र जमील खान पठान निवासी दरा, जिला कोटा को नामजद किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी शाहरूख का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या का प्रयास, आबकारी अधिनियम व आर्म्स एक्ट के लगभग 15 प्रकरण दर्ज हैं। वह करीब चार माह पूर्व अजमेर जेल से रिहा हुआ था और स्मैक व गांजा जैसे नशे का आदी बताया जा रहा है।