प्रतापगढ़। जिले के एक शासकीय बालिका विद्यालय में शिक्षक पर छात्राओं द्वारा उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और विभाग द्वारा तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षक को एपीओ कर मुख्यालय भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की 8 से 10 छात्राओं ने शिक्षक सतीश साहू के विरुद्ध लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में छात्राओं ने शिक्षक पर अनुचित व्यवहार एवं उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया है तथा पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो प्रधानाचार्यों की समिति गठित की गई है। समिति को 7 दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है। वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि आरोप सामने आने के बावजूद अभी तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।