मंदसौर। जिले के सीतामऊ में एक स्कूल संचालक ने सोमवार देर शाम चूहे मारने की दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतामऊ पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल मंदसौर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार नीमा मोहल्ला सीतामऊ निवासी जितेन्द्र जैन, ब्राइट मून हाई सेकेंडरी स्कूल के संचालक हैं। बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में स्कूल भवन निर्माण को लेकर हुए लेन-देन विवाद के कारण वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।

पीड़ित का आरोप है कि भवन निर्माण में उन्होंने करीब 42 लाख रुपए लगाए, लेकिन राशि वापस नहीं मिलने और लगातार दबाव के कारण विवाद बढ़ता गया। उन्होंने कुछ लोगों पर धमकी देने और स्कूल खाली कराने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। तनाव से परेशान होकर उन्होंने जहर खा लिया। परिजनों ने समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच गई। पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
