चित्तौड़गढ़। जिले की कनेरा थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से 2 किलो 68 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के पर्यवेक्षण में थाना कनेरा पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम एएसआई महेन्द्र कुमार, कांस्टेबल रेवताराम, मंचाराम, दिलीप सिंह एवं वासुदेव द्वारा लालघाटी क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक की टंकी पर रखी कपड़े की थैली में 2 किलो 68 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर अफीम एवं मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी गणेश उर्फ सांवरा (20) पुत्र गोपाललाल जटिया निवासी कोचवा थाना कनेरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।