मंदसौर। जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलांत्री में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मांगू सिंह (50), निवासी बिलांत्री के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांगू सिंह गांव के एक ढाबे पर भोजन करने के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर, मुंह, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है, हालांकि उसकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।