नीमच। शहर के विकास नगर 14/2 क्षेत्र में गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गाय के बछड़े की मौत हो गई। घटना के बाद गौसेवकों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार विकास नगर स्थित मंगल नर्सिंग होम के सामने सड़क पर खड़े बछड़े को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुका और बछड़े को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौसेवक मितेश अहीर मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। पुलिस को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया गया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
गौसेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।