मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ मंदिर की दान पेटी की गणना दो दिन तक की गई, जिसमें कुल 24 लाख 27 हजार 670 रुपए प्राप्त हुए। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 24 और 25 मार्च को दान राशि की गणना की गई।
पहले दिन 24 मार्च को 14 लाख 15 हजार 700 रुपए तथा दूसरे दिन 25 मार्च को 10 लाख 11 हजार 970 रुपए प्राप्त हुए। इस प्रकार दो दिन की कुल गणना में 24 लाख 27 हजार 670 रुपए की राशि दान पात्र से निकली।
गणना के दौरान नगद राशि के साथ 140 ग्राम चांदी के छोटे आइटम तथा करीब 10 ग्राम सोने के आभूषण भी प्राप्त हुए। इसके अलावा दान पेटी से विदेशी मुद्रा भी मिली, जिसमें नेपाल के 2 रुपए के दो सिक्के, ग्रीस के 10 के दो नोट, थाईलैंड का 100 का नोट, संयुक्त अरब अमीरात का 10 का नोट, अमेरिका के 20 डॉलर तथा कतर के 10 रियाल शामिल हैं।
मंदिर समिति ने बताया कि दान पात्र से प्राप्त राशि को नियमानुसार बैंक में जमा कराया जाएगा तथा इसका उपयोग मंदिर की पूजा-व्यवस्था, रखरखाव और धार्मिक आयोजनों में किया जाएगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था के कारण हर बार दान राशि में वृद्धि देखी जा रही है।