चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को डिटेन किया है। आरोपी दो वर्ष पुराने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी त्रिलोकचंद पुत्र उदयलाल प्रजापत निवासी चरल्या, हाल मेवासा थाना सदर निम्बाहेड़ा को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना बर जिला ब्यावर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था, जिस पर पुलिस अधीक्षक ब्यावर द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण के एक अन्य एनडीपीएस प्रकरण में भी फरार चल रहा था।
आरोपी को डिटेन कर संबंधित थानों को सूचना दे दी गई है तथा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।