चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के चार वर्ष पुराने प्रकरण में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 17 मार्च 2022 को बेगूं पुलिस ने मेनाल क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 4 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में वांछित आरोपी जानकीलाल पुत्र रतनलाल धाकड़ निवासी नयागांव कातर, थाना सिंगोली, जिला नीमच (म.प्र.) की काफी समय से तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ष्ऑपरेशन त्रिनेत्रष् के तहत एएसपी भगवतसिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।