नीमच। पावन पर्व रामनवमी के अवसर पर नीमच के उपनगर बघाना स्थित बालाजी धाम मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और अखंड रामायण पाठ के साथ धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ हुआ।
मंदिर में प्रातः 8 बजे से एक दिवसीय अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर में राम नाम की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
रामनवमी के अवसर पर दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला प्राकट्य के अवसर पर भगवान श्रीराम की महाआरती की जाएगी, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय हवन अनुष्ठान की पूर्णाहुति 27 मार्च को प्रातः 10 बजे होगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।