मंदसौर। जिले के फतेहगढ़ में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों में से तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक शिशु गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूटी पर सवार दो महिलाएं और दो छोटे बच्चे धुंधड़का अस्पताल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मंदसौर से जावरा की ओर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 43 सीबी 4132 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और स्कूटी सवार उछलकर पास में खड़े एक ट्रक से जा टकराए, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। कार भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में जियान (उम्र 3 वर्ष), पिता जाहिद, की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में शानू (30 वर्ष), पति जाहिद मेव, नायरा (25 वर्ष), पति मोइन, तथा तीन माह की बच्ची हानिया शामिल हैं।
सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय मंदसौर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों महिलाओं की स्थिति गंभीर बनी हुई है।