निपानिया। नवरात्र के पावन अवसर पर दलौदा समीप स्थित अंबाजी धाम निपानिया में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा का रविवार को भव्य और भावपूर्ण समापन हुआ। समापन अवसर पर 15 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं के दिलों में आनंद और आस्था का अद्भुत संयोग पैदा किया।
सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन संतों के आशीर्वचन और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने इसे आस्था का महाकुंभ बना दिया। बहुप्रसिद्ध पूज्य गुरुदेव ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता भगवती की कृपा, निपानिया धाम सेवा समिति, दानदाताओं और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महा आरती और आशीर्वाद-
कथा के समापन पर जगदंबा की महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर शामिल हुए। कार्यक्रम में करणी सेना परिवार के प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर का पूज्य गुरुदेव द्वारा स्वागत किया गया। वहीं, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
रक्तदान शिविर और भंडारा-
आयोजन के दौरान आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 131 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। भंडारे में लगभग 2 लाख श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्म और सेवा का अद्भुत संगम देखा।
सेवा समिति की भूमिका-
अंबाजी धाम निपानिया के अध्यक्ष ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर, सचिव विशाल पाटीदार, एवं सेवा समिति के सभी सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। समापन अवसर पर पूज्य गुरुदेव ने कन्याओं को उपहार स्वरूप चित्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं। विदाई के समय का दृश्य अत्यंत भावुक रहा, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भी भावनाओं से अभिभूत हुए। कार्यक्रम का आभार अंबाजी धाम सेवा समिति द्वारा व्यक्त किया गया।