प्रतापगढ़। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परिणाम में प्रतापगढ़ जिले ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की है। यह परिणाम पिछले दस वर्षों में जिले का सर्वश्रेष्ठ रहा, जिससे शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल, डीईओ एलिमेंट्री रामप्रसाद रैदास, एडीपीसी विकास भालोठिया, विभिन्न ब्लॉकों के सीबीईओ, प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी तेतरवाल का अभिनंदन किया गया।
तेतरवाल ने कहा कि यह सफलता जिले के सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिले में कई पद रिक्त होने के बावजूद योजनाबद्ध कार्य, सतत मॉनिटरिंग और शिक्षकों की मेहनत से बेहतर परिणाम प्राप्त हुए।
जिले के 288 राजकीय विद्यालयों में से 78 का परिणाम 100 प्रतिशत, 169 विद्यालयों का 90 प्रतिशत से अधिक तथा 222 विद्यालयों का 80 प्रतिशत से अधिक रहा। परीक्षा में 2701 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 4886 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए।
जिला कलेक्टर अंजली राजोरिया, एडीएम विजयेश पंड्या एवं सीईओ पर्वतसिंह चूड़ावत ने भी शिक्षा विभाग को उत्कृष्ट परिणाम के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।