नीमच। शहर की टीआईटी कॉलोनी स्थित केला माता मंदिर में चौत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन महाआरती, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह माता की महाआरती के साथ अनुष्ठान प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
उत्सव के दौरान मंदिर को कलकत्ता के फूलों एवं रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया। नवरात्रि के नौ दिनों तक माता का विशेष श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
हवन की पूर्णाहुति के बाद आयोजित भंडारे में नीमच शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और महाप्रसादी ग्रहण की।
मंदिर के सेवादारों ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से लगातार यहां भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। लगभग 14 वर्ष पूर्व राजस्थान के प्रसिद्ध करौली धाम से दिव्य ज्योति लाकर माता की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी, तभी से यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।