नीमच। आरोग्य तीर्थ भादवा माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की महाष्टमी पर गुरुवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मालवा-मेवाड़ की वैष्णो देवी कही जाने वाली मां भादवा माता के दर्शन के लिए नीमच व मनासा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे। प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगभग 18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए।
मार्ग में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार एवं शीतल जल की व्यवस्था की गई। अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा पूड़ी-सब्जी का भोजन कराया गया, वहीं नगरपालिका कर्मचारी संघ ने जेतपुरा फंटे के पास आइसक्रीम वितरित की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में गिरदौड़ा मार्ग पर साबूदाना खिचड़ी, फलाहार और दूध का वितरण देर रात तक जारी रहा।
महाष्टमी का मुख्य हवन रात्रि 10.30 बजे शुभ मुहूर्त में प्रारंभ हुआ, जो पूरी रात चला। शुक्रवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में पूर्णाहुति के बाद महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके साथ ही चैत्र नवरात्रि मेले का समापन हुआ।
मेला व्यवस्था को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने परिसर का निरीक्षण किया। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कॉरिडोर बनाए गए तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर यातायात व पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखी गई।