नीमच। चैत्र नवरात्रि की महाष्टमी पर मालवा-मेवाड़ की वैष्णो देवी कही जाने वाली भादवा माता आरोग्य तीर्थ में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। नीमच, मनासा सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों भक्त पैदल यात्रा कर माता के दरबार पहुंचे और दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन और देर रात तक मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
सुबह से ही पैदल यात्रियों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो देर रात तक जारी रही। यात्रियों की सुविधा के लिए नीमच-मनासा मार्ग पर जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं व संगठनों द्वारा सेवा स्टॉल लगाए गए। यहां जल, स्वल्पाहार, साबूदाना खिचड़ी, दूध, आइसक्रीम सहित प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली।
महाष्टमी का मुख्य आकर्षण अष्टमी हवन रहा। रात्रि 10:30 बजे शुभ मुहूर्त में हवन प्रारंभ हुआ, जो पूरी रात चला। प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में 4 बजे पूर्णाहुति के बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। प्रवेश व निकासी के लिए अलग-अलग कॉरिडोर बनाए गए, पार्किंग व यातायात की सुचारू व्यवस्था की गई तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा प्वाइंट स्थापित कर पुलिस बल तैनात रहा।
सेवा कार्यों के तहत नगरपालिका कर्मचारी संघ ने जेतपुरा फंटा पर शीतल पेय व आइसक्रीम वितरित की, वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में गिरदौड़ा मार्ग पर स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अन्य सामाजिक संगठनों ने भी श्रद्धालुओं की सेवा कर प्रसादी वितरण किया।
महाष्टमी के इस भव्य आयोजन के साथ ही भादवा माता में आयोजित चैत्र नवरात्रि मेले का श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ।