मनासा। क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के प्रयासों से मनासा का एक और बड़ा सपना हकीकत में बदलने जा रहा है। खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए खुशखबरी है कि मनासा में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्विमिंग पूल लगभग बनकर तैयार हो चुका है। खास बात यह है कि यह पूल मध्य प्रदेश के उन चुनिंदा नेशनल लेवल स्विमिंग पूल्स में शुमार होगा, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करते हैं।
खेल और स्वास्थ्य का नया केंद्र-
लंबे समय से क्षेत्र में एक आधुनिक तैराकी केंद्र की मांग की जा रही थी। अब इस आधुनिक सुविधा के शुरू होने से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को तराशने का मौका मिलेगा, बल्कि तैराकी के क्षेत्र में मनासा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा। यह पूल बच्चों और युवाओं के लिए खेल, शारीरिक दक्षता और मनोरंजन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
विकास के नए आयाम-
विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। भाजपा सरकार की विकासोन्मुख नीतियों और विधायक की सक्रियता का ही परिणाम है कि मनासा में अब राष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना तैयार हो रही है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्तर का स्विमिंग पूल होने से भविष्य में यहाँ राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
जनता में उत्साह-
मनासा की जनता ने इस सौगात के लिए विधायक मारू और प्रदेश सरकार का आभार जताया है। नागरिकों का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ अब खेलों में भी मनासा आत्मनिर्भर बन रहा है। यह स्विमिंग पूल आगामी दिनों में विधिवत लोकार्पण के साथ जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।