नीमच। रामनवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी समाज नीमच द्वारा प्राचीन श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत प्रातः 8 बजे भगवान श्रीराम का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे परिसर अत्यंत मनोहारी दिखाई दिया। मध्यान्ह 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्म के शुभ अवसर पर जन्मोत्सव आरती उतारी गई। इस दौरान भजन-कीर्तन हुए और मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के पदाधिकारी, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर प्रमुख सत्यनारायण तोतला एवं समाजजनों ने बताया कि समाज द्वारा प्रतिवर्ष रामनवमी पर श्रीराम जन्मोत्सव हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है।