मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के साखतली गांव में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। खेत से साइकिल पर घर लौट रहे बुजुर्ग को अज्ञात हमलावरों ने सुनसान इलाके में रोककर पत्थरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

मृतक की पहचान शंकरलाल पाटीदार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

जमीन विवाद बना कारण-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पहले भी लगा चुके थे न्याय की गुहार-
बताया जा रहा है कि शंकरलाल पाटीदार पूर्व में भी जमीन विवाद को लेकर प्रशासन से न्याय की मांग कर चुके थे। जुलाई 2024 में उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अनोखे तरीके से विरोध जताया था। वहीं, जमीन खरीददार पक्ष की ओर से पूर्व में दावा किया गया था कि संबंधित भूमि विधिवत खरीदी गई है और मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा है।

जांच जारी-
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
