नीमच। श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय रघुवंशी नायक समाज महासंगठन, नीमच के तत्वावधान में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
रैली का शुभारंभ सांवलिया सेठ मंदिर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गोंकृफव्वारा चौक, कमल चौक और टैगोर मार्ग से होते हुए राजू बिल्डिंग के सामने स्थित राम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
रैली में शामिल वाहन भगवा ध्वज और धार्मिक पताकाओं से सजे हुए थे। इस दौरान श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ भजनों पर झूमते नजर आए। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का विशेष संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष सरदार सिंह रघुवंशी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीराम नवमी पर आयोजित इस भव्य रैली ने धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही समाज में एकता, श्रद्धा और उत्साह का संदेश भी दिया।