चित्तौड़गढ़। बोजुन्दा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे श्री काला बावजी, कालभैरव एवं कालिका माताजी मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान शुक्रवार को कन्या पूजन के साथ संपन्न हो गए।
नवरात्रि समापन पर हवन अनुष्ठान एवं कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित इस प्राचीन एवं आस्था के केंद्र मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आगमन बना रहता है। मान्यता है कि यहां दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
भोपाजी बाबूलाल जटिया ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। समापन अवसर पर हवन एवं कन्या पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धार्मिक माहौल में आयोजन सम्पन्न हुआ।