नीमच। स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर में 29 मार्च को एक दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होगा।
जूही जैन ने बताया कि यह विशेष इंटीग्रेटेड योग शिविर प्रातः 6.00 बजे से 7.30 बजे तक आईकेएफ टर्फ एकेडमी, टीआईटी कॉलोनी, नीमच में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के नागरिकों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
शिविर में प्रतिभागियों को मोटापा, मधुमेह, कमर दर्द, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग एवं कमजोरी जैसी समस्याओं से राहत के लिए प्रभावी योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही सरल, सहज एवं वैज्ञानिक योग अभ्यास सिखाए जाएंगे, जो हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी होंगे।
कार्यक्रम के दौरान अनुभवी आयुर्वेदिक वैद्य द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य लोगों को तनावमुक्त, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
“योग अपनाएं - रोग भगाएं, स्वस्थ एवं सुखी जीवन पाएं” के संदेश के साथ यह आयोजन जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है।